पटना , अप्रैल 01 -- गर आयुक्त एवं पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड (पीएससीएल) के प्रबंध निदेशक यशपाल मीणा ने बुधवार को कुर्जी नाला, बाकरगंज नाला एवं राजवंशी नगर स्थित जल बोर्ड के पुराने पंप हाउस का निरीक्षण किया । श्री मीणा ने इस क्रम में सड़क परियोजना की गति, गुणवत्ता और समन्वय की समीक्षा की। साथ ही, राजवंशी नगर स्थित जल बोर्ड के पुराने पंप हाउस के ध्वस्तीकरण कार्य को शीघ्र पूरा कर मलबे का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

बाकरगंज नाला-सह-सड़क परियोजना स्थल के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने परियोजना की धीमी प्रगति वाले सभी चिन्हित 11 पेन-प्वाइंट्स पर विशेष ध्यान देते हुए अलग-अलग माइक्रो प्लान तैयार कर मुख्यालय को समर्पित करने एवं नाले में जमा सिल्ट, मलबा एवं कचरे की सफाई में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त मजदूर लगाने के निर्देश दिये।

नगर आयुक्त ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों को पीएससीएल और बुडको की संयुक्त टीम बनाकर पूरे कार्य की नियमित निगरानी करने एवं प्रतिदिन कार्य प्रगति रिपोर्ट मुख्यालय को समर्पित करने का निर्देश दिया।

पटना के गांधी मैदान एवं उससे जुड़े घनी आबादी वाले क्षेत्रों से पुराने एवं भीतरी हिस्से से जलजमाव की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से बाकरगंज नाले को कंक्रीट बॉक्स ड्रेन (भूमिगत नाला) में विकसित किया जा रहा है। उमा सिनेमा से अंटा घाट तक कुल 1463 मीटर लंबा यह नाला कई स्थानों पर अत्यधिक संकीर्ण है और बीच-बीच में कल्वर्ट भी बने हुए हैं। इसी कारण यहां बड़ी मशीनों के स्थान पर अधिकांश कार्य मानवबल के माध्यम से कराया जा रहा है।

परियोजना का करीब 60 फीसदी कार्य पूर्ण हो गया है। शेष 200 मीटर पर बॉक्स ड्रेन एवं सड़क निर्माण का कार्य शेष है। नाले पर अवस्थित गली नंबर 2 कल्वर्ट, शांति नर्सिंग होम, बीएन कम्पाउंड, साईं मंदिर कल्वर्ट, दलदली रोड कल्वर्ट, आईएमए हॉल कल्वर्ट, बूारी पथ में दो स्थान पर, रिजेंट सिनेमा के सामने, लेबर कैंप (मोना सिनेमा के पीछे), अशोक राजपथ पेट्रेल पथ के पास कुल 11 पेन-प्वाइंट्स चिह्नित किये गए हैं, जहां नाले पर अतिक्रमण एवं कम चौड़ाई की वजह से कार्य की प्रगति धीमी है। परियोजना के पूर्ण होने पर पीरमुहानी, लालजी टोला, सालीमपुर अहरा, और अंटा घाट के क्षेत्र के रहवासियों को खुले नाले एवं यातायात की समस्या से राहत मिलेगी।

कुर्जी नाला सह सड़क निर्माण परियोजना स्थल के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने बुडको के साथ समन्वय स्थापित कर नाला उड़ाही के 24 घंटे के भीतर सिल्ट का उठाव कर एंटी लार्वा का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

नगर आयुक्त ने राजवंशी नगर स्थित वाटर बोर्ड के पुराने पंप हाउस के धवस्तीकरण का कार्य अविलंब पूरा कर ससमय मलबा का निस्तारण करने का निर्देश दिया। विदित है कि जल बोर्ड की ओर से उक्त इलाके में नए पंप हाउस का निर्माण किया गया है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पुराने पंप हाउस के ध्वस्तीकरण कार्य में विलंब के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों का वेतन रोकने का आदेश दिया।

नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान पटना नगर निगम के अपर नगर आयुक्त राजन सिन्हा, पाटलिपुत्र अंचल की कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती पुणय तरू, पाटलिपुत्र प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता आशीष प्रसाद, नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी अजीत कुमार शर्मा, नूतन राजधानी प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुशील कुमार झा, मुख्य नगर अभियंता बिन्दु रजक, पीएससीएल के सीईओ मो. शमशाद, पीएससीएल के सीजीएम सुनील चौधरी, बुडको के परियोजना निदेशक श्री विजय कुमार एवं बुडको के उप-परियोजना निदेशक शैलेंद्र दूबे उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित