बैतूल , सितंबर 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में गौठाना ट्रेंचिंग ग्राउंड पर वर्षों से जमा कचरे के बायो रेमेडिएशन और बायोमाइनिंग में लापरवाही बरतने पर नगर पालिका की अनुशंसा के बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त ने ईकोस्टान इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। नगर पालिका ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा था, जिस पर कार्रवाई की गई।

नगर पालिका के अनुसार कंपनी को पुराने कचरे के निष्पादन के लिए पर्याप्त मशीनरी और संसाधन लगाने तथा निर्धारित समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद काम की गति बढ़ाने के लिए आवश्यक अतिरिक्त मशीनरी नहीं लगाई गई। इससे बायोमाइनिंग का काम अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ सका।

बायोमाइनिंग के दौरान निकलने वाले आरडीएफ और क्रश्ड मटेरियल के समय पर निष्पादन में भी कंपनी पर लापरवाही का आरोप है। संचालनालय स्तर से निरीक्षण के बाद आरडीएफ के निपटारे के निर्देश दिए जाने के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

नगर पालिका के मुताबिक कंपनी की बैंक गारंटियों की वैधता समाप्त होने के बाद भी उनका समय पर नवीनीकरण नहीं कराया गया। इसके लिए निकाय को कंपनी और संबंधित बैंक शाखा से अब कई बार पत्राचार करना पड़ा। इसके अलावा नगर पालिका की बिजली का 3 लाख 77 हजार 131 रुपए का भुगतान भी कंपनी ने नहीं किया।

नगर पालिका का कहना है कि कंपनी को कार्य की गति बढ़ाने, पर्याप्त मशीनरी लगाने और अनुबंधीय दायित्वों के पालन के लिए बार-बार नोटिस दिए गए, लेकिन सुधार नहीं हुआ। करीब छह करोड़ रुपए के टेंडर में से नगर पालिका द्वारा अब तक लगभग तीन करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। शेष राशि का भुगतान काम की स्थिति और कार्रवाई के बाद अटक गया है।

सीएमओ नवनीत पांडेय ने शनिवार को बताया कि कंपनी ने बायो रेमेडिएशन और बायोमाइनिंग में गंभीर लापरवाही की। बार-बार चेतावनी के बावजूद काम की रफ्तार नहीं बढ़ी, जिसके चलते आयुक्त को पत्र लिखकर कंपनी को ब्लैकलिस्ट कराया गया।जिसका आदेश अब नगर पालिका बैतूल को अब मिला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित