भोपाल , जून 15 -- मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के पूर्व में जारी कार्यक्रम में संशोधन किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब अंतिम मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन 27 जुलाई को किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां अब 25 जून तक स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 2 जुलाई तक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 27 जुलाई को किया जाएगा। इससे पूर्व जारी कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 18 जुलाई को प्रस्तावित था।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दीपक सिंह ने सभी कलेक्टरों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण की समस्त प्रक्रियाओं का निर्धारित समय-सीमा में पालन सुनिश्चित किया जाए।

आयोग के अनुसार मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पुनरीक्षण कार्यक्रम में आवश्यक संशोधन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित