यमुनानगर , सितंबर 6 -- हरियाणा के यमुनानगर में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर नगरपालिका और फायर कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को 32वें दिन भी जारी रही।

कर्मचारियों ने इस हड़ताल को तीन दिन और बढ़ाकर 9 सितंबर तक जारी रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर 9 सितंबर तक मांगों के लिखित आदेश जारी नहीं हुए तो गत छह अगस्त से चल रही राज्यव्यापी हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।

यूनियन ने सभी नियमित, पे-रोल, पालिका कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों से 10, 11 और 12 सितंबर को धरना स्थल पर होने वाली न्याय जन पंचायतों में अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

कर्मचारियों ने नगर निगम प्रांगण में इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताल की अध्यक्षता पालिका शाखा प्रधान पपला और अग्निशमन जिला उपप्रधान विरेंद्र धीमान ने की। संचालन सह-सचिव संजीत और कोषाध्यक्ष ललित कुमार ने किया।

अग्निशमन राज्य मुख्य संगठनकर्ता संतोष कुमार ने कहा कि सरकार 13 मई के समझौते को लागू करने से पीछे हट रही है और वादाखिलाफी कर रही है। सरकार दमन के रास्ते पर है, लेकिन कर्मचारियों का संघर्ष रुकने वाला नहीं है। 13 मई को मानी गई मांगों के लिखित आदेश जारी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित