चंडीगढ़ , मई 14 -- पंजाब आम आदमी पार्टी के महासचिव और मंडी बोर्ड के अध्यक्ष हरचंद सिंह बरसट ने गुरुवार को कहा कि आगामी म्युनिसिपल कमेटी और नगर निगम चुनाव पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और निष्पक्ष तरीके से कराये जाएंगे।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की राय सर्वोपरि होती है और हर नागरिक को बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का उपयोग करने का पूरा अधिकार है।

श्री बरसट ने पार्टी उम्मीदवारों, नेताओं और वालंटियरों से अपील की कि वे चुनावों में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से सीधा संपर्क करें और सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी दें। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पिछले चार वर्षों में पंजाब के लोगों के लिए ईमानदारी से काम किया है, जिससे जनता संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने अपने वादों को पूरा किया है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्रों में ऐतिहासिक फैसले लिये गये हैं। उन्होंने सरकारी स्कूलों और अस्पतालों में सुधार, 600 यूनिट मुफ्त बिजली, युवाओं को 65 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत 10 लाख रुपये तक इलाज, महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा तथा महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजनाओं का उल्लेख किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित