रायपुर , जनवरी 30 -- छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को सुकमा में चार इनामी माओवादियों के आत्मसमर्पण करने पर कहा कि 'नक्सल मुक्त बस्तर हमारा संकल्प' है।
सुरक्षा बलों को बस्तर अंचल में नक्सल उन्मूलन की दिशा में आज एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जहां सुकमा जिले के किस्टाराम क्षेत्र में सक्रिय चार माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़ और आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ने का निर्णय लिया है। आत्मसमर्पण करने वाले चारों कैडर पर आठ लाख रुपये इनाम था।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, "नक्सल मुक्त बस्तर और सुरक्षित छत्तीसगढ़ हमारा संकल्प है।" उन्होंने इसे बस्तर में बढ़ते विश्वास, सुरक्षा और विकास के वातावरण का स्पष्ट संकेत बताया।
श्री साय ने कहा कि सुरक्षा बलों के समन्वित प्रयास, सुदृढ़ कैम्प व्यवस्था और बेहतर कनेक्टिविटी के चलते माओवादी प्रभाव क्षेत्र लगातार सिमट रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से माओवादियों का जनाधार कमजोर हो रहा है और लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए आगे आ रहे हैं।
राज्य सरकार का मानना है कि बस्तर में सुरक्षा, विकास और संवाद की नीति से आने वाले समय में और भी माओवादी कैडर आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित