रांची , सितंबर 17 -- झारखंड में नक्सली संगठन के प्रमुख चेहरों में शामिल माओवादी नेता आकाश उर्फ असीम मंडल ने पश्चिम बंगाल में आत्मसमर्पण कर दिया है।

झारखंड पुलिस मुख्यालय ने उसके आत्मसमर्पण की पुष्टि की है। मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी के बाद असीम मंडल झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल क्षेत्र में माओवादी संगठन के प्रमुख चेहरों में गिना जाता था।

असीम मंडल पर झारखंड और ओडिशा सरकार की ओर से कुल 2.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। इसमें झारखंड सरकार का एक करोड़ और ओडिशा सरकार का 1.20 करोड़ रुपये का इनाम शामिल है। झारखंड में उसके खिलाफ करीब 55 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना क्षेत्र के उत्तर फूलचुक निवासी असीम मंडल का माओवादी संगठन से जुड़ाव काफी पुराना बताया जाता है। 1980 के दशक में कॉलेज के दिनों से वाम उग्रवादी आंदोलन से जुड़ने के बाद वह भूमिगत गतिविधियों में सक्रिय हुआ। बाद में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) में उसकी भूमिका लगातार बढ़ती गई।

2011 में माओवादी नेता किशनजी की मौत के बाद पश्चिम बंगाल में संगठन की जिम्मेदारी असीम मंडल को मिलने की बात सामने आई थी। इसके बाद वह सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में संगठन के महत्वपूर्ण नेताओं में शामिल रहा।

झारखंड में हुई कई माओवादी घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया है। 1 मार्च 2026 को छोटानागरा थाना क्षेत्र के मरांगपोंगा में 209 कोबरा के एक असिस्टेंट कमांडेंट समेत दो सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की घटना में उसका नाम सामने आया था। इसके अलावा 12 अप्रैल 2025 के जाराईकेला के राधापोरा, 11 जनवरी 2023 के टोंटो के तुम्बाहाका, 31 मई 2020 के कराईकेला के जोंवा और 11 जुलाई 2018 के पूर्वी सिंहभूम के झाटी पहाड़ी से जुड़े मामलों में भी उसका नाम बताया गया है।

आत्मसमर्पण के बाद सुरक्षा एजेंसियां असीम मंडल से पूछताछ कर रही हैं। पूछताछ में माओवादी नेटवर्क, संपर्क सूत्रों, हथियार एवं गोला-बारूद के ठिकानों, भूमिगत ठिकानों और संगठन की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

असीम मंडल के लंबे समय तक संगठन के शीर्ष स्तर पर सक्रिय रहने के कारण उसकी पूछताछ सुरक्षा एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उसके आत्मसमर्पण को झारखंड में माओवादी विरोधी अभियान के लिहाज से एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित