दंतेवाड़ा/बीजापुर , जनवरी 25 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर स्थित नक्सल प्रभावित कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में रविवार को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान दो अलग-अलग आईईडी विस्फोट हुए, जिनमें राज्य पुलिस की डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के तीन जवान घायल हो गए। घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना पर दंतेवाड़ा एवं बीजापुर पुलिस ने सीआरपीएफ और डीआरजी की टुकड़ियों के साथ मिलकर कर्रेगुट्टा के दुर्गम इलाके को आज सुबह से घेरना शुरु किया था। इसी घेराबंदी के दौरान आज सुबह लगभग 10 बजे और फिर दोपहर में दो अलग-अलग स्थानों पर आईईडी विस्फोट हुए। तीनों घायल जवान डीआरजी की टुकड़ी से हैं। बीजापुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल जवानों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित