जगदलपुर , अक्टूबर 19 -- छत्तीसगढ़ के नक्सलमुक्त बस्तर में इन दिनों धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उत्सवों का उत्साह देखने को मिल रहा है। विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस दौरान जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी आम श्रद्धालुओं के बीच शामिल होकर पूजा-अर्चना करते और सांस्कृतिक परंपराओं में सहभागिता निभाते नजर आ रहे हैं।
बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा बस्तर दशहरा की फूल परिक्रमा में अपने बेटे के साथ शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच रहकर पूजा-अर्चना की और फूल रथ के दर्शन किए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना सहित अन्य अधिकारी भी बस्तरिहा पागा पहनकर आम लोगों के साथ उत्सव में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने कलेक्टर के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
नवमी के अवसर पर आज कलेक्टर छिकारा ने अपनी पत्नी के साथ मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर हवन में सहभागिता की। वहीं, दंतेवाड़ा पदयात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए परपा थाना पुलिस ने केसलूर चौकी के पास पेयजल और नींबू शरबत की व्यवस्था की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित