जालंधर , सितंबर 22 -- पंजाब सरकार की "युद्ध नशों के विरुद्ध" मुहिम के तहत जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नकोदर सब-डिवीजन में विशेष घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाकर 17 मामले दर्ज किए और 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (जालंधर ग्रामीण) हरविंदर सिंह विर्क के नेतृत्व में मंगलवार को चलाए गए अभियान के दौरान नशा प्रभावित क्षेत्रों, हॉटस्पॉट, खाली मकानों और सुनसान स्थानों की तलाशी के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 16 मामले दर्ज कर 19 आरोपी तथा आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अभियान में 308.15 ग्राम हेरोइन, 443 नशीली गोलियां, 53 बिना लेबल वाले इंजेक्शन और एक किलोग्राम भुक्की चूरा पोस्त बरामद किया गया। इसके अलावा 22 बोतल शराब, .32 बोर की पिस्तौल, दो मैगजीन, एक कारतूस, 41 हजार रुपये और एक आई-20 कार बरामद हुई।थाना सदर नकोदर में छह मामले और सात गिरफ्तारियां, थाना सिटी नकोदर में छह मामले और आठ गिरफ्तारियां तथा थाना नूरमहल में चार मामले और चार गिरफ्तारियां हुईं।
एसएसपी ने कहा कि नशे की बिक्री, आपूर्ति और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष तलाशी अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित