नकोदर , फरवरी 27 -- पंजाब में जालंधर जिले के नकोदर में अज्ञात हमलावरों ने गुरुवार देर शाम व्यस्त नकोदर बस स्टैंड के अंदर अंधाधुंध गोलीबारी की और कथित तौर पर एक मोटरसाइकिल छीनकर मौके से फरार हो गये। यात्रियों और दुकानदारों की मौजूदगी में घटी इस घटना से अफरा-तफरी मच गयी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना तब घटी जब एक युवक अपनी मोटरसाइकिल से बस स्टैंड पर पहुंचा। कुछ ही देर बाद, कुछ अज्ञात युवकों ने उससे संपर्क किया और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गयी। कुछ ही क्षणों में, आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर हवा में गोली चला दी, जिससे बसों का इंतजार कर रहे यात्रियों में दहशत फैल गयी। भीड़भाड़ वाले परिसर में भय का माहौल छा गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस अफरा-तफरी का फायदा उठाते हुए, आरोपियों ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल छीन ली और मौके से फरार हो गये। दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि आसपास मौजूद लोगों द्वारा सूचना देने पर पुलिस उप अधीक्षक नकोदर ओंकार सिंह बराड़, एसएचओ हरविंदर सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी तुरंत अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बस स्टैंड और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि दोषियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि छापेमारी जारी है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित