भिण्ड , सितंबर 10 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार थाना क्षेत्र में बुधवार शाम बाइक से गांव लौट रहे देवर-भाभी को तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने कट्टा अड़ाकर लूट लिया। बदमाश महिला के गले से हार और मंगलसूत्र सहित सोने के जेवर तथा मोबाइल लूटकर बाइक से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार अमायन थाना क्षेत्र के गहेली निवासी विकास बघेल अपनी भाभी शिवानी को लेने इंदुर्खी गांव गए थे। वहां से दोनों बाइक पर सवार होकर अपने गांव गहेली लौट रहे थे। दोनों रहावली होते हुए रावतपुरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर तीन नकाबपोश बदमाश आए और सुनसान रास्ते पर उनकी बाइक रुकवा ली।
बदमाशों ने बाइक रुकवाते ही विकास और शिवानी पर कट्टे तान दिए। एक बदमाश ने महिला को कट्टा दिखाकर डराया, जबकि दूसरे ने विकास पर हथियार तान दिया। इसके बाद तीसरे बदमाश ने शिवानी के गले से हार और मंगलसूत्र तथा कानों के सोने के झुमके उतरवा लिए। बदमाश मोबाइल भी ले गए और वारदात के बाद तीनों बाइक से फरार हो गए।
वारदात के बाद देवर-भाभी ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने लहार और अमायन के बीच अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग शुरू कराई। पुलिस आसपास के रास्तों और संदिग्ध बाइक सवारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है। मामले की जांच के साथ आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित