शहडोल , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश में शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में बीती रात नकाबपोश बदमाशों ने एक मांस विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवार देर रात लगभग 10 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक रामपुर स्थित एक चिकन दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने पहले हवाई फायर किया, जिसके बाद दुकान संचालक रज्जन कहार से उनका विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपियों ने रज्जन कहार पर दो गोलियां दाग दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए दुकान को सील कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित