पटना , अक्टूबर 28 -- िहार में आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने तथा नकली एवं अवमानक दवाओं के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से निगरानी एवं शिकायत निवारण व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये हैं।उन्होंने इस दिशा में जनभागीदारी बढ़ाने और आम नागरिकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवमानक एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली दवाओं से संबंधित शिकायतों के लिए ई-मेल आईडी तथा फोन नंबर 0612-4619634 जारी किए गए हैं। आम नागरिक ई-मेल के माध्यम से किसी भी समय अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जबकि फोन नंबर पर सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे के बीच शिकायत की जा सकेगी।
आम नागरिक इन माध्यमों से एनएसक्यू, अर्थात निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाने वाली दवाओं तथा सब-स्टैंडर्ड दवाओं से संबंधित जानकारी एवं शिकायत विभाग तक पहुंचा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों के आधार पर आवश्यक जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी संकोच के दवाओं की गुणवत्ता से संबंधित अनियमितताओं की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दे सकें।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने दवाओं की वैज्ञानिक जांच, गुणवत्ता मानकों के अनुपालन, नियमित निरीक्षण तथा नकली एवं अवमानक दवाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये हैं,साथ ही, आम नागरिकों के बीच गुणवत्तापूर्ण दवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य पारदर्शी निगरानी व्यवस्था, समयबद्ध जांच और जनभागीदारी के माध्यम से दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है। शिकायत के लिए विशेष ई-मेल आईडी और निर्धारित समय पर उपलब्ध फोन सुविधा से नागरिकों को दवाओं की गुणवत्ता से संबंधित अनियमितताओं की जानकारी विभाग तक पहुंचाने में सुविधा होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित