धार , मार्च 16 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में नकली आयकर अधिकारी बनकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये कीमत का सोना, नकदी और दो चार पहिया वाहन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार कुक्षी तहसील के ग्राम बाग स्थित ब्राह्मण मोहल्ले में 13 मार्च को सुबह कुछ बदमाश नकली आयकर अधिकारी बनकर ठेकेदार राजकुमार मालवीय के घर पहुंचे थे। आरोपियों ने ब्लैक मनी की शिकायत मिलने की बात कहकर घर की तलाशी लेने का बहाना बनाया और परिवार के लोगों को एक कमरे में बंद कर अलमारी में रखे लगभग 600 ग्राम सोने के आभूषण तथा डेढ़ लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
वारदात के बाद बदमाश काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक अनुराग सिंह और पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन में पांच विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना में कुल 14 आरोपी शामिल थे, जिनमें से आठ आरोपियों को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में शहजाद, आबिद, अय्यूब शाह, दिनेश, दिलीप अहिरवार, रमेश मोरी, राजा उर्फ अब्दुल गफ्फार और नरसिंह बघेल शामिल हैं। आरोपियों के पास से करीब एक करोड़ पांच लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण, 57 हजार रुपये नकद तथा लगभग 30 लाख रुपये कीमत की दो चार पहिया गाड़ियां जब्त की गई हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी शहजाद इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड है। आरोपियों ने पहले क्षेत्र में रेकी की थी और स्थानीय लोगों की मदद से व्यवसायियों की जानकारी जुटाई थी। इसके बाद नकली आयकर और सीबीआई अधिकारी बनकर छापा मारने का नाटक करते हुए लूट की योजना बनाई।
जांच के दौरान पुलिस को वाहन से करणी सेना और महामंडलेश्वर लिखी दो प्लेट भी मिली हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपी इकबाल, साहिल, मुरलीधर, रंजीत, संजीव और अब्दुल अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में टीआई कैलाश चौहान, ओपी अहिर, सुनील शर्मा, संजय रावत, राजेश यादव, ईश्वर सिंह चौहान, समीर पाटीदार, दीपक सिंह चौहान तथा साइबर सेल प्रभारी प्रशांत गुंजाल सहित पुलिस दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित