जगदलपुर , जुलाई 03 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में कांग्रेस ने शुक्रवार को नकटी गांव में 85 परिवारों के मकानों को तोड़े जाने के विरोध में प्रदर्शन किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) के संयुक्त तत्वावधान में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।

श्री सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि वर्षाकाल के दौरान गरीब परिवारों के मकान तोड़ना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के आशियाने उजाड़े गए हैं, कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने भी इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विरोध दर्ज कराया है। उनका कहना था कि जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय और पुनर्वास नहीं मिलता, तब तक विधायक आवास स्वीकार नहीं करने का निर्णय लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित