पटना , जून 16 -- बिहार में एक जुलाई से नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू कराने के लिए उच्च शिक्षा विभाग तैयारी में जुट गया है। इसके लिए सभी कॉलेजों में प्राचार्यों की नियुक्ति के साथ ही शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की तैनाती शुरू कर दी गई है।

राज्य सरकार ने सात निश्चय-3 के चौथे निश्चय 'उन्नति शिक्षा उन्नति भविष्य' के तहत डिग्री महाविद्याल विहीन सभी प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। बताया जाता है कि राज्य के 534 प्रखंडों में से 211 प्रखंडों में अभी कोई भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज नहीं है। इसको देखते हुए राज्य सरकार ने महाविद्यालय विहीन प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज खोलने के साथ ही नए सत्र से पढ़ाई शुरू करने का आदेश दिया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर उच्च शिक्षा विभाग नए डिग्री कॉलेजों में एक जुलाई से पढ़ाई शुरू कराने के लिए तैयारी शुरू कर दिया है। नए डिग्री कॉलेजों में प्राचार्य, विषयों के अनुसार शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों की तैनाती शुरू कर दी गई है। पढ़ाई शुरू करने से पहले वहां संसाधन की व्यवस्था की जा रही है, जिससे निर्धारित समय से पढ़ाई शुरू हो सके।

इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एनके अग्रवाल ने बताया कि सभी नए डिग्री कॉलेजों में एक जुलाई से पढ़ाई शुरू करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नए सत्र से बिहार के 211 प्रखंडों में खोले जा रहे नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई प्रारंभ की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित