बैतूल , जुलाई 25 -- मध्य प्रदेश के बैतूल शहर में प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण पर्यावरणीय स्वीकृति के अभाव में फिलहाल आगे नहीं बढ़ पा रहा है। नगर पालिका द्वारा कढ़ाई क्षेत्र में नए ट्रेंचिंग ग्राउंड की स्थापना की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण गौठाना स्थित मौजूदा ट्रेंचिंग ग्राउंड को खाली नहीं कराया जा सका है। इसी वजह से स्टेडियम निर्माण का भूमिपूजन भी अभी तक नहीं हो पाया है।

नगर पालिका के अनुसार गौठाना स्थित वर्तमान ट्रेंचिंग ग्राउंड की भूमि पर राष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इस परियोजना को लेकर जून माह में भूमिपूजन की संभावना जताई गई थी लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। अधिकारियों का कहना है कि स्टेडियम निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने से पहले मौजूदा ट्रेंचिंग ग्राउंड को स्थानांतरित करना आवश्यक है।

नगर पालिका से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कढ़ाई क्षेत्र में नए ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित विभागों के समक्ष आवेदन पहले ही प्रस्तुत किया जा चुका है और स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। पर्यावरणीय अनुमति मिलने के बाद ही नए स्थल पर ट्रेंचिंग ग्राउंड का संचालन शुरू किया जा सकेगा।

अधिकारियों का कहना है कि जब तक नया ट्रेंचिंग ग्राउंड तैयार नहीं हो जाता, तब तक शहर का ठोस कचरा गौठाना स्थित मौजूदा स्थल पर ही डंप करना पड़ेगा। ऐसे में यदि इस भूमि पर क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण शुरू कर दिया जाता है तो नगर पालिका के सामने कचरा निस्तारण की गंभीर समस्या खड़ी हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित