गयाजी,04 (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि बिहार की पहचान हमेशा "न्याय के साथ विकास" की रही है और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में न्याय व्यवस्था और मजबूत होगी।

श्री चौधरी ने बोधगया के कन्वेंशन सेंटर में नए आपराधिक कानूनों पर आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय सेमिनार में न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने पर जोर दिया। सेमिनार में सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया, विभिन्न हाई कोर्टों के न्यायाधीशों, बिहार न्यायपालिका तथा कानून विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायालय, सरकार और पुलिस अपना दायित्व निभा रहे हैं, लेकिन व्यवस्था की वास्तविक सफलता तभी होगी जब आम जनता का न्याय प्रणाली पर विश्वास और अधिक बढ़ेगा।

श्री चौधरी ने कहा कि पिछले दो दशकों में तकनीक ने दुनिया को पूरी तरह बदल दिया है। आज मोबाइल और सोशल मीडिया आम जीवन का हिस्सा हैं, इसलिए न्याय व्यवस्था को आधुनिक तकनीक के अनुरूप विकसित करना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने सरकार और न्यायपालिका के बीच बेहतर समन्वय के लिए हर तीन महीने पर समीक्षा बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इससे केस दर्ज करने, जांच, कानूनी कार्रवाई और अभियोजन जैसी प्रक्रियाओं में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान होगा। अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार सरकार त्वरित, सुलभ और प्रभावी न्याय सुनिश्चित करने के लिए न्यायपालिका के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित