हरिद्वार/रुड़की , मई 02 -- उत्तराखंड सरकार के खाद्य आयुक्त के निर्देश पर प्रदेशभर में चल रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने शनिवार को नई मंडी रुड़की में औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान मंडी में मौजूद फल एवं सब्जी विक्रेताओं की दुकानों की सघन जांच कर फलों के नमूने लिये।
निरीक्षण के दौरान टीम ने तरबूज, केला, खरबूज सहित विभिन्न फलों के नमूने एकत्र कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एफडीए टीम ने केला पकाने वाले गोदामों का भी निरीक्षण किया, जहां कुछ स्थानों पर फल पकाने में उपयोग की जा रही गैस का वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर विभाग ने संबंधित संचालकों एवं कंपनियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
अधिकारियों ने बताया कि कुछ व्यापारियों द्वारा लाइसेंस नवीनीकरण प्रक्रिया में होने की बात कही गई, किंतु बिना वैध लाइसेंस गैस का उपयोग नियमों के विरुद्ध है। विभाग ने मंडी समिति और व्यापारियों को निर्देशित किया है कि फलों को पकाने के लिए केवल अनुमन्य एथिलीन गैस का ही प्रयोग सुनिश्चित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित