जयपुर , मार्च 27 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा है कि नई पीढ़ी नवाचार और जिम्मेदारी के साथ भविष्य के शहरों की नई परिकल्पना कर रही है।
श्रीमती दिया कुमारी शुक्रवार को जयपुर में आयोजित 'आरंभ 2026 - आर्किटेक्चरल एजुकेशन फेस्ट' में भाग लेकर युवा छात्रों का उत्साहवर्धन किया और इस अवसर पर यह बात कही। उन्होंने छात्रों से संवाद किया और डिज़ाइन, शहरी विकास तथा स्थिरता पर उनके नवीन विचारों को सुना। उन्होंने छात्रों की स्पष्ट सोच और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी नवाचार और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने छात्रों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उन्होंने विभिन्न प्रोजेक्ट्स की जानकारी ली और छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनके विचारों और कार्यों की सराहना की।
'आरंभ 2026' फेस्ट ने न केवल छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि वास्तुकला के क्षेत्र में नए आयामों और संभावनाओं पर सार्थक संवाद का मंच भी प्रदान किया। काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर की इस पहल ने इस दौरान देशभर से वास्तुकला के क्षेत्र में रुचि रखने वाले प्रतिभाशाली छात्रों को एक मंच पर एकत्रित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित