चंडीगढ़ , अप्रैल 10 -- पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन और बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा है कि नई औद्योगिक नीति 2026 से उद्योगों को बड़ी राहत मिलेगी।
श्री अरोड़ा ने पटियाला में आयोजित एमएसएमई की जिला स्तरीय बैठक के दौरान उद्योगपतियों के साथ बातचीत की। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों से आए उद्यमियों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। इस अवसर पर पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह भी मौजूद थे।
उन्होंने स्थानीय सरकार विभाग को निर्देश जारी करते हुए कहा कि शहरों में सफाई और सीवरेज व्यवस्था में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोगों को बुनियादी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस संदर्भ में उन्होंने घोषणा की कि मई माह के अंत तक पंजाब के शहरी क्षेत्रों में 1300 करोड़ रुपये की लागत से 2120 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग योजना तैयार की गई है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि पंजाब सरकार एक महीने के भीतर नई इंडस्ट्रियल पार्क नीति लागू करेगी, जिसके तहत राज्य में कम से कम 25 एकड़ क्षेत्र में फैले बड़े औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। इन पार्कों के विकास में उद्योगपति और रियल एस्टेट डेवलपर संयुक्त रूप से भाग लेंगे, जबकि निवेशक इन परियोजनाओं में निवेश के लिए पंजीकरण कर आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने बिजली क्षेत्र के बारे में बोलते हुए कहा कि पहले सोलर प्रोजेक्ट्स के लिए 100 प्रतिशत आवंटन किया जाता था, लेकिन अब बिजली बोर्ड स्वयं टेंडर जारी कर रहा है और इसमें काफी सफलता मिल रही है।
मंत्री ने आगे कहा कि नई औद्योगिक नीति 2026 के तहत फिल्म स्टूडियो, अस्पताल और होटल जैसे कई नए क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है। विशेष रूप से एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया है क्योंकि यह औद्योगिक विकास की रीढ़ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित