नयी दिल्ली , जुलाई 07 -- रेलवे ने महाराष्ट्र में बल्हारशाह से दादर (मुंबई) के बीच चलने वाली नंदीग्राम एक्सप्रेस के एक प्रथम श्रेणी वातानुकूलित कूपे को 'सुहागरात की सेज' के रूप में सजाने के मामले को गंभीरता से लिया है और इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में ट्रेन टिकट निरीक्षक (टीटीई) को निलंबित कर विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दिये हैं।
रेलवे ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को नंदीग्राम एक्सप्रेस ( 11002 डाउन ट्रेन) के प्रथम श्रेणी वातानुकूलित कूपे में यात्रा कर रहे एक विवाहित जोड़े ने कूपे को सुहागरात के कक्ष की तरह सजा दिया था। इसके लिए उसने ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से डेकोरेटर की सेवाएं ली थीं। ऐसा करने से पहले सजाने वाले डेकोरेटर के प्रवेश के लिए कोई अनुमति नहीं ली गयी थी। रेलवे ने इसे एक गंभीर चूक करार देते हुए संबंधित टीटीई को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित