रायपुर , अक्टूबर 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू एवं जंगल सफारी में 25 वर्षीय मादा हिमालयन भालू 'फफोरी' की मौत हो गई। सफारी प्रबंधन से आज मिली जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर की मध्यरात्रि को हुई उसकी मृत्यु का कारण बढ़ती उम्र है।

प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, फफोरी को वर्ष 2012 में वन्यप्राणी आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत असम के गुवाहाटी स्थित चिड़ियाघर से रायपुर लाया गया था। उस समय उसकी उम्र 12 वर्ष थी। इसके बाद से वह नंदनवन जू एवं जंगल सफारी में रह रही थी।

फफोरी की मौत के बाद वन्यप्राणी चिकित्साधिकारी ने नियमानुसार पोस्टमार्टम किया। इसके बाद सफारी प्रबंधन और वन्यजीवों की देखभाल में जुटे कर्मचारियों की उपस्थिति में श्रद्धांजलि अर्पित कर उसका विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित