कांकेर , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ के कांकेर शहर से सटे नंदनमारा गांव में शनिवार की देर रात तेंदुए का जोड़ा दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कचरे में पड़े मुर्गियों के मांस के पास पहुंचे तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जिला वन अधिकारी रौनक गोयल ने बताया कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि जंगली जानवर एक पहाड़ी से दूसरी पहाड़ी की ओर जाते समय आबादी वाले क्षेत्रों के करीब दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि जंगल में पानी या भोजन की कमी नहीं है और लोगों को सतर्क रहने के लिए मुनादी कराई जा रही है। फिलहाल तेंदुए को स्थानांतरित करने की आवश्यकता नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नंदनमारा गांव के पास देर रात अचानक तेंदुआ नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेंदुआ कचरे में पड़े मुर्गियों के मांस को खाने के लिए गांव के करीब पहुंचा था। सड़क किनारे तेंदुए को देखते ही वहां से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसी दौरान कार में सवार कुछ लोगों ने दूर से उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया में तेजी से प्रसारित हो रहा है।
बताया जा रहा है कि तेंदुआ कुछ समय तक गांव के आसपास घूमता रहा, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। घटना कांकेर वन परिक्षेत्र की बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के जंगलों से जंगली जानवरों की आवाजाही पहले भी होती रही है, लेकिन इस तरह आबादी के इतने करीब तेंदुए का पहुंचना चिंता का विषय है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।
वहीं, वन विभाग की टीम ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है। तेंदुए की मौजूदगी के चलते गांव में डर का माहौल है और लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित