देहरादून , फरवरी 14 -- उत्तराखंड में कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था को ध्वस्त करने का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) पर धरना दिया और साथ ही राज्य सरकार को चेतावनी दी कि अगर कानून व्यवस्था पटरी पर नहीं आई तथा लगातार हो रही हत्याओं पर लगाम नहीं लगा तो पार्टी उग्र आन्दोलन को मजबूर होगी।

कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने यह प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से पीएचक्यू तक मार्च निकालते हुए प्रदर्शन किया और पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा। जिसमें राज्य में दिन-दहाड़े हो रही हत्याओं एवं बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन देने के बाद अध्यक्ष श्री गोदियाल ने कहा कि विगत कुछ समय से राजधानी देहरादून सहित विभिन्न जनपदों में दिन-दहाड़े घटित हो रही हत्या एवं गंभीर आपराधिक घटनाओं से आमजन में भय, असुरक्षा एवं चिंता का वातावरण व्याप्त है। श्री सिंह ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं तथा कानून का भय नगण्य होता प्रतीत हो रहा है। इसका ताजा उदाहरण विगत 15 दिन के अन्दर राजधानी देहरादून सहित विभिन्न जिलों में दिन दहाड़े 5 जघन्य हत्याकांड की घटनायें हैं।

इस दौरान, विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविन्दर कौर, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, शूरवीर सिंह सजवाण, पूर्व विधायक मनोज रावत, आदि नेतागण मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित