भरतपुर , सितम्बर 28 -- राजस्थान में धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र में गुरुद्वारे के पास यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी में शाखा प्रबंधक बलराम मीणा (37) एवं उनकी पत्नी सरोज मीणा (33) ने सोमवार को एक साथ आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पति-पत्नी के शव अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले। मीणा ने मृत्यु से पहले अपने वॉट्सएप अकाउंट पर 'अंतिम जोहर' का स्टेटस लगाया था। स्टेटस देखकर दोस्त पुष्पेंद्र उनके घर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा बंद था। मृतक दंपती का चार वर्षीय एक बेटा आरुष और बड़े भाई का बेटा सुबह स्कूल गये थे।

पुलिस को मौके से बलराम मीणा की डायरी में मृत्यु पूर्व लिखा पत्र भी मिला है। पत्र में तीन दोस्तों और दो भाइयों के साथ माता-पिता के लिए अलग-अलग बातें लिखी है। बलराम मीणा 21 सितंबर से अपने कार्यालय नहीं गये थे, जिसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

बताया गया कि पति-पत्नी 26 सितंबर से आत्महत्या करने की योजना बना रहे थे। इसी तारीख को डायरी में लिखा- हमारे दोनों बच्चे सो रहे हैं, अब हमने आत्महत्या करने की योजना टाल दी है। उसके बाद सोमवार को माता-पिता के लिए लिखा- अपना ध्यान रखना। थक गये, हम आराम करना चाहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित