भरतपुर , मई 23 -- राजस्थान में धौलपुर में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सख्त कार्रवाई करते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 12 अस्पतालों के पंजीकरण पांच दिनों के लिए निलंबित करके दो अस्पतालों के पंजीकरण स्थायी रूप से निरस्त कर दिए हैं। विभागीय सूत्रों ने शनिवार को बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी पाए जाने पर श्री बांके बिहारी अस्पताल, दिव्यांशी अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर, कलावती अस्पताल, कोटा अस्पताल, न्यू कृष्णा अस्पताल, प्रकाश अस्पताल, एस.एन. अस्पताल, श्री कृष्णा अस्पताल, श्रीजी अस्पताल, सिद्धार्थ सिटी अस्पताल, सी.एस. अस्पताल और शिव नर्सिंग होम के पंजीकरण पांच दिनों के लिए निलंबित किए गए हैं।

सूत्रों ने बताया कि इसके अलावा सर्जन डॉ. अनुराग सिंह से अनुबंधित ग्लोबल अस्पताल और मैक्स अस्पताल के पंजीकरण भी निरस्त कर दिए गए हैं। इन अस्पतालों के खिलाफ विभागीय जांच लंबित होने के कारण यह कार्रवाई की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित