भरतपुर , सितम्बर 13 -- राजस्थान के धौलपुर में नगर परिषद के 60 वार्डों के सोमवार को घोषित होने वाले चुनाव परिणाम से पहले शहर में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए रविवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला।
वृत्त अधिकारी (शहर) प्रदीप नेहरा के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने शहर के मुख्य मार्गों, पुराना शहर और कोटला सहित कई इलाकों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने आम लोगों से चुनाव परिणाम आने के बाद भी शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर गलत या विवादित सामग्री साझा नहीं करने का भी संदेश दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस संवेदनशील इलाकों में निगरानी रख रही है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई है।अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और परिणाम को लेकर किसी भी विवाद से बचने का आग्रह किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित