जयपुर , जून 03 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को धौलपुर जिले में बसेडी पंचायत समिति की रतनपुर ग्राम पंचायत में कनिष्ट सहायक रमेश कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी धौलपुर को शिकायत प्राप्त हुई कि परिवादी को ग्राम पंचायत रतनपुर में मनरेगा योजना में मस्टरोल जारी करने की एवज में श्री रमेश कुमार 26 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं। इस पर गत एक जून को सत्यापन कराने पर श्री रमेश कुमार द्वारा 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि होना पाया गया।
सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप कार्यवाही करते हुए श्री रमेश कुमार को परिवादी से 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत राशि आरोपी की पहनी पेन्ट की जेब से बरामद की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित