भरतपुर , मार्च 16 -- राजस्थान में धौलपुर में जेल परिसर की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहन जांच के लिए सोमवार को भारी पुलिस बल के साथ जेल की बैरकों और पूरे परिसर में सघन जांच अभियान चलाया।
जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान की देखरेख में जिला कारागार के इस औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों की अनैतिक गतिविधियों, अवैध वस्तुओं और मोबाइल फोन की उपलब्धता को लेकर गहन तलाशी ली।
जेल सूत्रों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने जेल की स्वच्छता, बंदियों को मिल रही सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने बंदियों की समस्याएं सुनीं और जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जेल में किसी भी अवैध गतिविधि या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आकस्मिक चेकिंग में पुलिस के आलाधिकारियों के साथ कोतवाली, निहालगंज, सदर धौलपुर, दिहोली, मनियां, कंचनपुर, सैंपऊ और बाड़ी सदर थानों का पुलिस जाप्ता मौजूद था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित