भरतपुर , सितम्बर 21 -- राजस्थान में धौलपुर के सैंपऊ नगरपालिका में सोमवार को अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस पार्षदों के भितरघात के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पप्पू बाबा अध्यक्ष चुने गये।

निर्वाचन सूत्रों ने बताया कि सैंपऊ नगरपालिका में मतदान के बाद पप्पू बाबा को 20 में से 16 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मुनेश कुमार को सिर्फ चार मत ही मिल पाये। वार्ड पार्षदों के चुनाव में कांग्रेस ने 20 में से सात सीटें जीती थीं। वहीं, भाजपा के छह, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के तीन और चार निर्दलीय पार्षद चुने गए थे।

राजाखेड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अंजली भाजपा की पूनम सोनी को 15 मतों से हराकर अध्यक्ष चुनी गयीं। यहां कुल 35 वार्डों में से कांग्रेस की अंजली को 25 और भाजपा की पूनम सोनी को महज 10 मत ही मिले। राजाखेड़ा नगर पालिक में लगातार तीसरी बार कांग्रेस का बोर्ड बना है।

उधर, धौलपुर की मनियां नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए मतदान में कांग्रेस के बृजेश कुमार नए अध्यक्ष बने। उन्हें कुल 20 में से 16 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी मोहिनी कोली को चार मत ही मिले। यहां कांग्रेस ने 13 वार्डों में जीत हासिल की थी। भाजपा के चार प्रत्याशी जीते थे जबकि तीन में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित