पटना , मई 29 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में एक महिला समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को रूपसपुर थाना में एक व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। पीड़ित ने बताया कि एक पुरुष एवं एक महिला ने सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर उसे बुलाया और उससे रुपये तथा ज्वैलरी छीन ली।मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, पटना के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त महिला एवं पुरुष दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अभियुक्त पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। रूपसपुर थाना में इनके विरुद्ध पहले से कई मामले दर्ज हैं।पुलिस ने पूछताछ के क्रम में छीनी गई ज्वैलरी खरीदने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित