शेखपुरा , जुलाई 31 -- बिहार में शेखपुरा जिले के 32 वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित परेड ग्राउंड मैदान में विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह स्थल पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रणधीर कुमार सोनी, विधायक पुष्पंजय कुमार तथा विधान परिषद् सदस्य ललन प्रसाद के साथ साथ जिलाधिकारी शेखर आनंद,पुलिस अधीक्षक हिमांशु तथा डीडीसी राकेश कुमार ने भाग लिया।अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर स्थापना दिवस समारोह का विधिवत उद्घाटन किया । समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं राष्ट्रगीत की प्रस्तुति दी गई। स्थापना दिवस के अवसर पर जीविका सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कुल 14 स्टॉलों का अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। इसके बाद गुब्बारे उड़ाकर स्थापना दिवस समारोह के उल्लासपूर्ण आयोजन का संदेश दिया गया।

समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों, पदाधिकारियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वृद्धावस्था पेंशन के लाभुकों को सामूहिक रूप से चेक प्रदान किया गया। साथ ही दिव्यांगजनों के बीच पांच ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।

जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम अपने संबोधन में जिले की विकास यात्रा पर संक्षिप्त प्रकाश डालते हुए कहा कि विगत वर्षों में शेखपुरा जिले ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, भवन आधारभूत संरचना, कृषि, सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे तथा शेखपुरा को विकास के नए आयामों तक ले जाया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित