धुले , मई 25 -- महाराष्ट्र के धुले-मुंबई-आगरा राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक भयावह सड़क दुर्घटना में छह लोगों की जान चली गयी, जबकि 26 लोग घायल हो गये।
घायलों का इलाज धुले के भाऊसाहब हायर सरकारी मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है। यह दुर्घटना ललिंग घाट पर रेत से लदे एक डंपर के विपरीत दिशा में चलने के कारण तीन गाड़ियों के बीच हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आज तड़के तीन बजे ललिंग घाट पर भारी ट्रैफिक था जब रेत से भरा डंपर विपरीत दिशा से आते हुए शराब से लदे एक ट्रक से टकरा गया। दुर्घटना के बाद टोल प्लाज़ा कर्मी और प्रत्यक्षदर्शी घायलों को बचाने में जुट गये।
इसके कुछ ही देर बाद मुंबई से इंदौर जा रही एक पैसेंजर बस दुर्घटनाग्रस्त शराब के ट्रक से जा टकराई। इस टक्कर में घायलों को दुर्घटनास्थल से निकाल रहे दो लोगों की जान चली गयी।
इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। ललिंग टोल प्लाज़ा के कर्मियों और मोहादी पुलिस की मदद से घायलों और मृतकों को एक अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को बचाने की कोशिश में अपनी जान गंवाने वाले टोल प्लाजा कर्मियों की मौत के बाद विरोध में टोल प्लाजा बंद कर दिया गया। नतीजतन, राजमार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गयी।
इस दुर्घटना में घायलों को बचाने के लिए आगे आये प्रत्यक्षदर्शी 32 वर्षीय मनोज नारवाल ने अपनी जान गंवाई। इसके अलावा 35 वर्षीय टोल प्लाजा कर्मी गणेश हीरामन थोराट और 43 वर्षीय लग्जरी बस चालक जावेद खान भी इस सड़क दुर्घटना में मारे गये। तीन अन्य मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित