चंडीगढ़ , जून 30 -- हरियाणा सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा को फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त प्रभार तत्काल प्रभाव से सौंप दिया है। इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आदेश जारी किये हैं।

श्री खड़गटा वर्तमान में पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग में विशेष सचिव के साथ-साथ फरीदाबाद नगर निगम के आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं। अब वे अपने मौजूदा दायित्वों के अतिरिक्त फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करना और विकास कार्यों में तेजी लाना माना जा रहा है। नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के बीच बेहतर तालमेल से शहर में आधारभूत ढांचे, शहरी सुविधाओं और विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित