धार , जून 18 -- मध्य प्रदेश के धार शहर में करीब दो सप्ताह से नगर पालिका द्वारा हो रहे जल वितरण में मटमैला और बदबूदार पानी आने से गुरुवार दोपहर यूथ कांग्रेस के नेतृत्व में शहर की आम जनता ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर उग्र प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी करते हुए मिट्टी के घडे फोड़े और चूड़ियां फेंक कर जमकर विरोध जताया। इस बीच परिसर में खड़ी फायर ब्रिगेड से प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार की गयी। विरोध के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ता मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष के अंदर घुस गए, इस दौरान कक्ष में लगा गेट भी टूट गया, कक्ष के अंदर सीएमओ के सामने कार्यकर्ताओं ने दूषित पानी को लेकर जमकर विरोध किया, स्थिति को बिगडते देख कोतवाली और नौगांव पुलिस भी मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को नियंत्रित किया, विरोध के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने सीएमओ को चूड़ियां पहनाने की कोशिश भी की।
दरअसल नगर पालिका परिषद द्वारा विगत कई दिनों से शहर के वार्डो में दूषित और बदबूदार पानी की आपूर्ति की जा रही थी, जिसके विरोध में यूथ कांग्रेस के बैनर तले जिला अध्ययक्ष रोहित कामदार के नेतृत्व में नगर पालिका का घेराव का आयोजन किया जा रहा था, लालबाग में बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ शहर की महिलाएं भी एकत्रित हुई थी, लालबाग से पैदल मार्च करते हुए कार्यकर्ताओं ने हाथ में दूषित पानी की बोतल और मिट्टी के घडे़ लेकर निकले, नगर पालिका परिसर पहुंचे और विरोध स्वरूप कार्यकर्ताओं ने नपा परिसर के बाहर की घड़ों को फोड़ना शुरु कर दिया और गंदे पानी की बोतल दिखाकर सीएमओ और नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं नगर पालिका गेट के सामने मिट्टी के घड़े फेंकना शुरु कर दिये, इसी दौरान परिसर बैरिकैडिंग के पास प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए खड़े नौगांव टीआई हिरुसिंह रावत के सिर पर मिट्टी का घड़ा फूट गया, हालांकि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी है।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कामदार ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में पिछले 15-20 दिनों से अत्यधिक मटमैला, बदबूदार और दूषित पानी सप्लाई किया जा रहा है, जो न पीने योग्य है और न ही नहाने योग्य। यह सीधे जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित