धार , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में अवैध जुआ-सट्टे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत पिछले 24 घंटे में विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर जुआ-सट्टे के आठ प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर हजारों रुपए की नकदी बरामद की गई। वहीं, क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पाने के मामले में पुलिस अधीक्षक ने डही थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिलीप तड़वेला को लाइन अटैच कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रतिमाह आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही ऐसे स्थानों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार की है, जहां पूर्व में जुआ-सट्टा संचालित होने की शिकायतें या मामले सामने आए थे। इन स्थानों पर लगातार निगरानी और सघन चेकिंग की जा रही है। कार्रवाई की निगरानी एसडीओपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है।
एएसपी विजय डावर और एएसपी पारुल बेलारपुरकर के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान बदनावर के अंबेडकर चौराहे से जीवन पिता भुवानसिंह मोगिया को सट्टा लेते हुए गिरफ्तार कर 2,150 रुपए, कुक्षी के कचहरी चौक से सुनील पिता आतु को गिरफ्तार कर 2,330 रुपए तथा राजोद थाना क्षेत्र के बस स्टैंड से घनश्याम पिता बद्रीलाल पंवार को गिरफ्तार कर 1,100 रुपए नकद बरामद किए गए।
कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम हिम्मतगढ़ में जुआ खेल रहे रवि पंवार, राजेश जादव, दीपक सिंधी, महेश बामनिया और नानुराम परमार को गिरफ्तार कर 4,560 रुपए नकद बरामद किए गए। बदनावर बस स्टैंड क्षेत्र से शांतीलाल जाट को सट्टा लेते हुए गिरफ्तार कर 2,340 रुपए बरामद किए गए। तिरला में जुआ खेल रहे चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर 1,400 रुपए नकद जब्त किए गए।
कानवन थाना क्षेत्र में आयुष राठौर को सट्टा लेते हुए गिरफ्तार कर 1,100 रुपए तथा श्यामलाल परमार को गिरफ्तार कर 810 रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित