धार , जून 22 -- मध्यप्रदेश के धार में निसरपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्रामपुरा में हथियारों के बल पर डकैती की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। छह अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने गांव से सटे खेत में बने एक मकान को निशाना बनाते हुए बुजुर्ग किसान को बंधक बनाया और करीब 12 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार वारदात ग्राम पुरा के किसान अमृतलाल पाटीदार के घर पर हुई। रविवार रात करीब छह की संख्या में आए डकैतों ने कटर की मदद से मुख्य लोहे का दरवाजा काटकर घर के भीतर दाखिल हुए। आहट पाकर जब अमृतलाल की नींद खुली तो बदमाशों ने तुरंत उनकी गर्दन पर एक धारदार हथियार रख दिया और जान से मारने की धमकी देकर उन्हें हिलने तक नहीं दिया। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी और दराजों के ताले तोड़कर लूटपाट शुरू कर दी।
घटना के समय घर में केवल अमृतलाल और उनकी बहू ही मौजूद थे। अमृतलाल के बेटे केदारनाथ यात्रा पर गए हुए हैं, जबकि उनकी पत्नी किसी काम से सूरत (गुजरात) में थीं। घर के सुनसान इलाके में होने और बदमाशों के पास घातक हथियार होने के कारण पीड़ित परिवार शोर भी नहीं मचा सका। बदमाशों के भागने के बाद अमृतलाल ने ग्रामीणों को सूचना दी।
रात में ही ग्रामीणों ने बदमाशों को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित परिवार के मुताबिक इस पूरी वारदात में उन्हें करीब 12 लाख रुपए का वित्तीय नुकसान हुआ है। बदमाश अपने साथ लगभग सात तोला सोने के आभूषण, अलमारी में रखे चांदी के जेवर व नकदी दो लाख रुपए नगद लेकर फरार हो गए है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित