धार , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश के धार जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में विजयादशमी के अवसर पर पारंपरिक शस्त्र पूजन समारोह उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं नगरीय विकास और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक नीना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदारसिंह मेढ़ा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शस्त्र पूजन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि सनातन परंपरा में शास्त्र नीति, न्याय और अनुशासन की शिक्षा देते हैं। समाज को शास्त्रों के सिद्धांतों और मर्यादाओं का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शस्त्रों का उपयोग अंतिम विकल्प के रूप में असहायों की सुरक्षा, समाज की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जाना चाहिए।

प्रभारी मंत्री ने जिले में इस वर्ष औसत से 40 प्रतिशत कम वर्षा होने पर चिंता जताई। उन्होंने जल संकट से निपटने के लिए पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और परिवारों में जल संरक्षण की योजना बनाने का आग्रह किया। उन्होंने आरओ से निकलने वाले बचे हुए पानी का उपयोग बागवानी, धुलाई और अन्य कार्यों में करने की सलाह भी दी। कार्यक्रम में पुलिस जवानों ने हर्ष फायर कर परंपरा का निर्वहन किया। अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने एक-दूसरे को विजयादशमी एवं आगामी दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित