धार , मई 18 -- मध्यप्रदेश में इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने जिला शिक्षा केंद्र धार के जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप कुमार खरे को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार समग्र शिक्षा अभियान के तहत धार जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालय परिसरों में 122 शौचालयों के निर्माण कार्य के लिए लगभग तीन करोड़ 42 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। शिकायतकर्ता दिलीप साधव, जो जिला शिक्षा केंद्र धार में प्रभारी सहायक यंत्री के पद पर पदस्थ हैं और निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे थे, ने इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप कुमार खरे निर्माण कार्य के पूर्णता प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने के एवज में कुल परियोजना राशि का पांच प्रतिशत, लगभग 17 लाख रुपये रिश्वत के रूप में मांग रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित