धार , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश के धार में सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति, मायापुरी कॉलोनी की ओर से मंगलवार को मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं सहित श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहीं।

आयोजक अनिल जैन बाबा के नेतृत्व में शोभायात्रा मायापुरी कॉलोनी स्थित गरबा चौक से शुरू हुई। इसमें मुंबई के कलाकारों ने रोबोट के माध्यम से गरबा नृत्य और अभिवादन प्रस्तुत किया। जयपुर के कालबेलिया नृत्य, केरल का चकरी नृत्य, मुंबई के जादूगरों के करतब, गुजरात का डांडिया रास तथा नासिक के कलाकारों की रंगोली और ढोल प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

मयूरी रास गरबा मंडल, झाबुआ की आदिवासी नृत्य टीम और धार की महिलाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों के लिए भी विशेष प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। शोभायात्रा के दौरान मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

शोभायात्रा से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा और विधायक नीना वर्मा ने मां दुर्गा की आरती की। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष सोनिया राठौर, मार्गदर्शक ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, चयन राठौर, अर्जुन कुल्हरा, मयूर मालवीय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित