धार , जून 03 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में वन विभाग ने विशेष अभियान चलाकर लगभग पांच हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है।

वन विभाग के अनुसार वन मण्डलाधिकारी विजयानंथन टी.आर. तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी माण्डव के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र माण्डव की सबरेंज लवानी के कक्ष क्रमांक 244 में दो दिवसीय अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण के प्रयासों को हटाते हुए करीब पांच हेक्टेयर क्षेत्र को मुक्त कराया गया।

वन विभाग की टीम ने अवैध कब्जों और अस्थायी संरचनाओं को हटाकर भूमि को पुनः विभाग के नियंत्रण में लिया। कार्रवाई वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न की गई।

अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि का सीमांकन कराया जा रहा है, ताकि भविष्य में दोबारा अवैध कब्जा न हो सके। आगामी वर्षा ऋतु में इस क्षेत्र में सघन वृक्षारोपण किया जाएगा, जिससे वन क्षेत्र का संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन मजबूत हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित