धार , अगस्त 21 -- मध्यप्रदेश के धार शहर में आगामी धार्मिक पर्वों और चल समारोहों के दौरान श्रद्धालुओं को असुविधा से बचाने के लिए महिला कांग्रेस पार्षद सारिका अजय सिंह ठाकुर ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर शहर की मूलभूत व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।
पार्षद ने कहा कि धार ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी है, जहां विभिन्न पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाए जाते हैं। आगामी दिनों में रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी और अनंत चतुर्दशी जैसे प्रमुख पर्व हैं। विशेष रूप से सात सितंबर को श्री धारेश्वर मंदिर से बाबा धारनाथ की भव्य पालकी छबीना निकलेगा। इस दौरान शहर के विभिन्न मंदिरों से झांकियां, अखाड़े और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होगी।
प्रतिनिधि अजय ठाकुर के अनुसार छत्री चौराहे पर वर्षों से खुला नाला हादसे का कारण बना हुआ है। इसके अलावा शहर के व्यस्त मार्गों पर कई स्थानों पर खुले पड़े चेंबरों पर तत्काल पक्के ढक्कन लगाने की मांग की गई है। श्री धारेश्वर मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग के नाले में जमा गाद की सफाई कराने के साथ ही शहर में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर हटाकर यात्रा मार्गों की विशेष सफाई कराने की मांग भी की गई है।
पार्षद ने शहर में खुलेआम घूम रहे आवारा मवेशियों और श्वानों की समस्या का भी तत्काल निराकरण करने को कहा है। उन्होंने कहा कि इनकी वजह से राहगीरों और श्रद्धालुओं को परेशानी होती है तथा धार्मिक आयोजनों के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि धार्मिक आयोजनों से पहले यदि मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं किया गया तो नगर पालिका की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने जनहित में प्रशासन से तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित