धार , अप्रैल 22 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के धामनोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुजरी डेहरिया में तेंदुए के हमले से एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुआ जंगल से निकलकर अचानक रहवासी बस्ती में पहुंच गया और सामने आए ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में महेश वास्केल, ग्यारसी लाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और विकास पिता गोकुल डावर निवासी बडवेल गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार तेंदुआ अभी भी आसपास के क्षेत्र में छिपा हो सकता है, जिसके चलते ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तेंदुए की तलाश के लिए वन विभाग की ड्रोन स्क्वाड टीम द्वारा सर्चिंग की जा रही है। साथ ही इंदौर से एक विशेष टीम को तेंदुए को बेहोश करने की कार्रवाई के लिए रवाना किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर पकड़ने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित