धार , अगस्त 19 -- मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल धार जिले में युवाओं को होटल मैनेजमेंट और आतिथ्य सत्कार के क्षेत्र में प्रशिक्षण देने के लिए प्रदेश का पांचवां फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट शुरू होने जा रहा है। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा वित्तपोषित इस संस्थान का निर्माण मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के माध्यम से किया जा रहा है।

जेतपुरा क्षेत्र में विकसित हो रहे नवीन औद्योगिक क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपए की लागत से संस्थान भवन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। संस्थान से जुड़े अधिकारियों के अनुसार इसी वर्ष पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। संस्थान में विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध रहेगी तथा 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का लक्ष्य रखा गया है।

इस संस्थान में कक्षा 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण युवाओं के लिए छह माह के सर्टिफिकेट तथा 12 माह के डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनमें फूड प्रोडक्शन, बेकरी एंड कन्फेक्शनरी और बेवरेज सर्विस सहित होटल उद्योग से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रम शामिल हैं। संस्थान को राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं खान-पान प्रौद्योगिकी परिषद से संबद्धता प्राप्त है।

अधिकारियों के अनुसार संस्थान का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार के लिए तैयार करना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और स्टार्टअप के लिए भी सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण प्राप्त युवा कैफे, रेस्टोरेंट और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े व्यवसाय शुरू कर सकेंगे। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण उपलब्ध होने से आदिवासी क्षेत्र के युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

धार जिले में मांडू, भोजशाला, धार किला सहित अनेक पर्यटन स्थल होने के साथ पीथमपुर और अन्य क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। इससे होटल, पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं की मांग बढ़ने की संभावना है। संस्थान के शुरू होने से स्थानीय होटल उद्योग को भी दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।

फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट धार के प्रभारी प्राचार्य वीके सिंह ने बताया कि संस्थान की स्थापना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार योग्य बनाना और उन्हें स्टार्टअप के लिए तैयार करना है। भवन निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है और इसी वर्ष संस्थान शुरू करने का लक्ष्य है। छह माह से डेढ़ वर्ष तक के पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे तथा विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित