धार , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के कुक्षी क्षेत्र में कांग्रेस नेता और नगर परिषद उपाध्यक्ष शब्बर भाई बोहरा के घर अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार सुसारी रोड स्थित निवास में बीती रात बदमाश पीछे की खिड़की तोड़कर घर में घुसे और अलमारी से करीब दो लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, एलईडी टीवी, घड़ियां सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोर सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
घटना के समय परिवार घर में ही मौजूद था। अल सुबह घर की महिला के जागने पर चोरी का पता चला। जानकारी के अनुसार बदमाश ईद के अवसर के लिए लाए गए परफ्यूम और मिठाई भी अपने साथ ले गए।
सूचना मिलने पर कुक्षी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगाई गई है। क्षेत्र में रात्रि गश्त भी बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित