धार , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडर की समय पर आपूर्ति, पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता और गेहूं खरीदी शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार दोपहर विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस कार्यालय के सामने कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन किया और राज्यपाल के नाम ज्ञापन तहसीलदार महिमा मिश्रा को सौंपा। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी सहित अन्य नेता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के लिए प्रतीकात्मक रूप से एक-एक तगारी गेहूं भी लेकर पहुंचे, जिसे बाद में तहसीलदार को सौंपा गया।

जिला अध्यक्ष श्री जोशी ने आरोप लगाया कि वर्तमान में घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति में अत्यधिक विलंब हो रहा है और लगभग 45 दिनों में सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जो उपभोक्ताओं की जरूरतों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि एक सामान्य परिवार का सिलेंडर 30 दिनों में ही समाप्त हो जाता है, जिससे शेष समय में अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ता है।

उन्होंने मांग की कि पेट्रोल पंपों पर डीजल की निर्धारित सीमा को समाप्त कर किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सरकार द्वारा गेहूं खरीदी 15 अप्रैल से शुरू करने के प्रस्ताव को किसान विरोधी बताते हुए इसे वापस लेकर 1 अप्रैल से खरीदी शुरू करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित