धार , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के धरमपुरी तहसील अंतर्गत एबी रोड पर कपड़ों की गठानों से भरे एक कंटेनर में भीषण आग लग गई। आग लगने से कंटेनर का केबिन पूरी तरह जल गया, हालांकि चालक और क्लीनर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा धामनोद थाना क्षेत्र में फूडी होटल चौराहे के पास खाटू श्याम मंदिर के समीप हुआ। कंटेनर सूरत (गुजरात) से कपड़ों की गठानें लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था, तभी उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और केबिन को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण कंटेनर की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही धामनोद पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था।
घटना के कारण एबी रोड पर जाम की स्थिति बन गई। खलघाट से इंदौर जाने वाला मार्ग प्रभावित हुआ, जबकि इंदौर से खलघाट की ओर यातायात सामान्य रहा। पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर सिंगल लेन से वाहनों का संचालन कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित