धार , अप्रैल 2 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में पुलिस ने किराए पर वाहन लेकर धोखाधड़ी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों से तीन कार भी जब्त की गई हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी चार पहिया वाहन किराए पर लेकर उन्हें वापस नहीं करते थे और अमानत में खयानत करते थे। लंबे समय से इनके खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर विशेष टीम ने फरार चल रहे आरोपियों शैलेन्द्र ठाकुर, मनोज ठाकुर, धीरज प्रजापत और जीतू तिवारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अर्टिगा कार और एक होंडा अमेज कार जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ तीन अलग-अलग मामलों में वाहन किराए पर लेकर किस्त और किराया नहीं चुकाने तथा वाहन वापस न करने की शिकायतें दर्ज थीं। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वाहनों को खुर्द-बुर्द कर दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित